रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में किसान यूनियनों ने गन्ने की बकाया राशि और न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित न होने के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया है। अमृतसर में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने बताया कि 18 नवंबर को सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को गन्ने की बकाया राशि के भुगतान के लिए मांग पत्र सौंपा जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा कोई बातचीत नहीं की गई, तो 21 नवंबर को जालंधर में नेशनल हाईवे जाम किया जाएगा। यह प्रदर्शन दोआबा की किसान जत्थेबंदियों के आह्वान पर किया जा रहा है। इससे पहले, 6 नवंबर को किसान यूनियनों ने जालंधर में पंजाब प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया था कि पंजाब सरकार ने शुगरकेन बोर्ड का गठन नहीं किया है। इस बोर्ड का कार्यकाल अप्रैल में ही समाप्त हो चुका है और इसके गठन के बिना शुगर मिलें नहीं चलाई जा सकतीं। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले साल के 120 करोड़ रुपए अभी तक उनके खातों में जमा नहीं किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्यभी अब तक घोषित नहीं किया गया है, जिससे किसानों में भारी रोष है।


