रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के जालंधर में बेजुबान का शिकार करने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो जंगली सुअर का शिकार करने का है। शिकार करते वक्त इस वीडियो को लाइव शूट किया गया है। इसमें गेहूं के खेतों में भागते हुए सुअर पर फायरिंग की जा रही है। पहले एक गोली चलाई जाती है तो सुअर बचने के लिए तेजी से भागने लगता है। इसके बाद दूसरा फायर किया जाता है जो सीधे उसके पेट में लगता है। इसके बाद सुअर वहीं पर गिर जाता है और तड़पने लगता है।
लवप्रीत नाम के इंस्टा अकाउंट से ‘चड़ी जट्टू नूं जवानी….’ गाना लगाकर ये विडियो शेयर की गई है। इस पर कई पशु प्रेमियों ने आपत्ति भी जताई है और लिखा है कि इस तरह से बेजुबानों का शिकार करना ठीक नहीं है। जहां पर शिकार किया गया है, वहां जालंधर नंबर (PB 08) की बाइक भी खड़ी है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर शिकार करने की जांच शुरू कर दी है। नूरमहल पुलिस थाने का कहना है कि वीडियो में खड़े मोटरसाइकिल का नंबर नकोदर एरिया का है। वीडियो कहीं से भी अपलोड किया जा सकता है। इसलिए इसकी सही लोकेशन बताना अभी मुश्किल होगा।


