रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): नए साल पर अगर आपके मोबाइल में HAPPY NEW YEAR का मैसेज आता है तो जरा सावधानी पूर्वक उसे क्लिक करें। ऐसा न हो कि शुभकामनाओं के चक्कर में मोबाइल हैक हो जाए और मोबाइल से सारा डेटा, बैंक अकाउंट, ओटीपी का एक्सेस हैकर्स के पास चला जाए। पंजाब पुलिस की साइबर सेल ने इस संबंध में बाकायदा पब्लिक के लिए अलर्ट भी जारी किया है।
पुलिस के साइबर सेल के अफसरों की मानें तो हैकर्स ऐसे मौके की तलाश में रहते हैं जब लोगों के पास बल्क में मैसेज आते हैं। इसी दौरान वो भी मैसेज भेज देते हैं। मैसेज की भीड़ में आम लोग गलती से हर मैसेज को क्लिक कर देते हैं। इसी दौरान हैकर्स का मैसेज भी क्लिक हो जाता है और लोगों का फोन हैक हो जाता है। पुलिस ने अपील की है कि बिना वेरिफिकेशन के किसी भी मैसेज को क्लिक न करें। यहां तक कि किसी फोटो को भी डाउनलोड न करें। पंजाब पुलिस के साइबर सेल के मुताबिक जब भी कोई फेस्टिवल आता है तो हैकर्स एक्टिव हो जाते हैं। दीवाली के समय भी कई लोगों के पास हैकर्स के मैसेज आए और कई मोबाइल हैक भी हुए हैं।


