रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली से MLA व पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना के विवादित वीडियो के मामले में FIR दर्ज करने पर दिल्ली विधानसभा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। दिल्ली विधानसभा की तरफ से पंजाब के DGP, साइबर क्राइम के स्पेशल डीजीपी और जालंधर की पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया गया है। उनसे पूरे मामले को लेकर 48 घंटे में जवाब तलब किया गया है। इसके अलावा केस से जुड़े दस्तावेज और लैब की रिपोर्ट भी मांगी गई है।
इस मामले में कल (9 जनवरी) को जालंधर में पुलिस ने BJP की दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज की थी। जिसमें दावा किया गया कि इस वीडियो की मोहाली की फोरेंसिक लैब में जांच कराई है, जिसमें स्पष्ट हुआ है कि आतिशी ने कहीं भी गुरु शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। इसको लेकर दिल्ली विधानसभा में जालंधर पुलिस कमिश्नर के खिलाफ शिकायत हो गई। दिल्ली भाजपा के विधायक ने कहा कि सदन की अंदर की कार्यवाही के मामले में पंजाब पुलिस दूसरे राज्य में केस कैसे दर्ज कर सकती है। यह सदन के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। जिस पर दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने कहा कि जालंधर पुलिस कमिश्नर और FIR दर्ज करने से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


