रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर वेस्ट हलके के बस्ती नौ में स्थित सन फ्लाई स्पोर्ट्स आइटम शॉप में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां काम करने वाले सोनू नामक कर्मचारी ने दुकान से 8.50 लाख रुपए की नकदी चोरी की और विरोध करने पर 65 वर्षीय बुजुर्ग इंद्रजीत की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर अंबाला से चोरी की कार बरामद कर ली गई है। घटना की शुरुआत लूट की शिकायत से हुई थी। दुकान की मालकिन मधु गुप्ता ने बताया कि सोनू पिछले 8-10 साल से उनके यहां काम कर रहा था। उन्हें लगा कि वह सिर्फ 8.50 लाख रुपए लेकर फरार हुआ है, लेकिन जब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ।
सोनू ने कबूल किया कि लूट के दौरान उसका विवाद दुकान के पास रहने वाले इंद्रजीत से हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि सोनू ने इंद्रजीत का कत्ल कर दिया और शव को दुकान के अंदर ही छिपा दिया। मृतक इंद्रजीत मूल रूप से आदमपुर के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कई सालों से यहीं बल्ली मार्केट में रह रहे थे।


