रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर पुलिस ने अर्बन स्टेट फेस टू में हुई 19.10 लाख रुपये की लूट का मामला सुलझाते हुए दोनों झपटमारों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की तो पता लगा कि यह लूट नहीं बल्कि लूट की कहानी रची थी जिसके डायरेक्टर खुद पीड़ित पक्ष आर्टिफिशियल ज्वेलरी के कारोबारी दंपति ही है।
एडीसीपी हरविंदर सिंह गिल ने बताया कि इस मामले में झपटमार भीमा उर्फ फूल कुमार और अभि निवासी खुरला किंगरा के रूप में हुई है। दोनों को कारोबारी दंपति ने लूट के बाद कैश लेकर शहर के बाहर भेज दिया था लेकिन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और ह्यूमन सोर्सेस समेत मल्टीपल सोर्सेस से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिन्होंने कबूला कि वारदात करने के लिए उन्हें खुद कारोबारी दंपति प्रिया वर्मा और उसके पति रामानंद वर्मा ने कहा था ताकि वह बीमा क्लेम करके पैसे ले सके। इसके लिए दोनों को सात हजार रुपए भी दिए गए थे। फिलहाल आरोपी दंपति अभी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। 6 फरवरी को आर्टिफिशियल ज्वेलरी का कारोबार करने वाले इस दंपति ने आरोप लगाया था कि जब वह अर्बन स्टेट में किसी को पेमेंट देने आए थे तो कार से उतरते ही बाइक सवार दो युवकों ने प्रिया से कैश वाला बैग छीन लिया और फरार हो गए। थाना सात में इस संबंधी केस दर्ज किया गया था।


