रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस ने जबरन वसूली और फायरिंग की घटनाओं में शामिल प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। यह मॉड्यूल विदेशों में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर पंजाब में दहशत फैलाने और व्यापारियों को निशाना बनाने का काम कर रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सन्नी और रावल के रूप में हुई है, जो एसबीएस नगर के गांव कुलम के रहने वाले हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों बीकेआई से जुड़े विदेशी हैंडलर्स गोपी नवांशाहरीया, जस्सी कुलम और सुशांत चोपड़ा के सीधे निर्देशों पर काम कर रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों ने जबरन वसूली के लिए गढ़शंकर क्षेत्र में एक ट्रैवल एजेंट को निशाना बनाया था। डराने-धमकाने के मकसद से आरोपियों ने एजेंट के घर पर दो बार गोलीबारी की थी। पुलिस काफी समय से इस मॉड्यूल की तलाश में थी। खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीआई जालंधर की टीम ने जालंधर-अमृतसर हाईवे पर जालंधर के सुरानस्सी में लिदड़ां अंडरब्रिज के पास जाल बिछाया। आरोपियों को सुरानस्सी के पास से गिरफ्तार किया गया।



