रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से पंजाब के कई जिलों में रविवार को हल्की बूंदाबांदी और बारिश हुई। जालंधर जिले के नकोदर, नूरमहल और आसपास के गांवों में सुबह हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है। इस बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में लगातार बारिश होने की संभावना जताई है।
बारिश किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। भंडाल हिम्मत गांव के सरपंच भूपिंदर सिंह भिंडा ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसान हर साल कड़ी मेहनत से गेहूं की फसल उगाते हैं। मौसम खराब होने से उनका मन खराब हो जाता है। भिंडा ने कहा कि अगला एक महीना अच्छा निकलने से गेहूं की अच्छी पैदावार हो सकती है। यदि बारिश हुई तो फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। इससे किसानों को परेशानी बढ़ सकती है। पिछले साल भी बारिश ने जमकर कहर बरपाया था।


