रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लोहे की रॉड में अफीम डाल कर उसे वेल्डिंग करवा अमेरिका भेजने वाला रैकेट जालंधर पुलिस ने बेनकाब किया है। पुलिस ने एक जिम ट्रेनर को पार्सल करवाने के लिए जाते हुए पकड़ा जिससे लोहे की रॉड बरामद हुई और जब उसे तोड़ा गया तो अन्दर से अफीम मिली।
थाना भार्गव कैंप की पुलिस को सूचना मिली थी कि जालंधर में एक ऐसा नेटवर्क एक्टिव को जो लोहे के सामान के अंदर अफीम भर कर उसे वेल्डिंग करके बंद कर देता और फिर पार्सल विदेश भेज दिया जाता है। भार्गव कैंप की पुलिस ने तुरंत अपने सोर्स एक्टिव किए जिसके बाद पता लगा कि एक जिम ट्रेनर इसमें शामिल है जो मंगलवार शाम पोस्ट ऑफिस में पार्सल करने जा रहा है और उसके पास लोहे की रॉड भी है जिसमें अफीम भरी हुई है। पुलिस ने तुरंत ट्रेप लगा भार्गव कैंप इलाके में जिम ट्रेनर की बाइक रोक ली। जिम ट्रेनर ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया और उससे बरामद हुई लोहे की रॉड काट कर देखा तो उसमें से 150 ग्राम अफीम बरामद हुई। जांच में पता लगा कि आरोपी ने यह पार्सल अमेरिका करना था। आरोपी खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में कई पुलिस मुलाजिमों का भी इस रैकेट में नाम सामने आया है जिसके बार जालंधर पुलिस के उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। जालंधर पुलिस जल्द ही प्रेस कांफ्रेंस करके इसका खुलासा करेगी।


