रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में बाबा बन कर लोगों से मदद मांगने का बहाना बना कुछ सुंघा कर बेसुध करके सोने के गहने लूटने वाला गिरोह एक्टिव हो गया है। इसी गिरोह ने गुरु तेग बहादुर नगर में कैमिस्ट को कुछ सुंघा कर उसकी सोने की अंगूठी लूट ली। पुलिस को इस संबंधी शिकायत दी गई है।

कैमिस्ट हरकीरत सिंह उर्फ टिंकू ने बताया कि वह किसी काम से जा रहा था। जैसे ही जीटीबी नगर पहुंचा तो एक बाबा ने उसकी बाइक रुकवाई और गुरुद्वारा साहिब का रास्ता पूछने लगा। जब तक वह उसे रास्ता बताता इसी दौरान एक लड़की व व्यक्ति ने उसके पास आकर कुछ सुंघा दिया और वह बेसुध हो गया। जैसे ही टिंकू को होश आया तो उसके हाथ से अंगूठी गायब थी। टिंकू ने कहा कि ठगों ने कड़ा भी उतारने की कोशिश की लेकिन वह टाइट था। उसके गुट पर जबरदस्ती कड़ा उतारने के भी निशान पाये गए। जब तक टिंकू को पूरी तरह से होश आया तो आरोपी भाग चुके थे। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसे पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


