रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर में गुरूवार दोपहर 3 मंजिला घर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। जिसके बाद पूरे घर को आग लग गई। जिसमें झुलसकर सुमन नाम की महिला की मौत हो गई जबकि गुरप्रीत की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह धमाका इतना तेज था कि घर की छत और दीवारों पर दरारें पड़ गईं। खिड़कियों के सारे शीशे टूट गए। आसपास के घरों में भी दीवारें हिल गईं। धमाके का पता चलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ACP सुरिंदरपाल सिंह ने कहा कि 2 फायर टेंडरों की मदद से करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद अंदर झुलसी महिलाओं को बाहर निकाला गया। जिस वक्त धमाका हुआ, घर में 7-8 लोग थे, बाकियों ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। इस 3 मंजिला घर के फर्स्ट फ्लोर पर पटाखे बनाने का काम होता था। इसके लिए वहां विस्फोटक जमा करके रखा गया था। जिसने अचानक आग पकड़ ली और धमाका हो गया। मौके पर पहुंचे ADCP विशालजीत सिंह ने कहा कि अनगढ़ इलाके का यह घर अशोक कुमार का है। उन्होंने अपने घर में पटाखे स्टोर किए थे। इन्हीं पटाखों ने आग पकड़ ली। इससे आग फैल गई। केस दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


