रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के मोगा में सरकारी नशा मुक्ति केंद्र से लगभग 30 मरीज ताला तोड़कर फरार हो गए। इस फरार होने से पहले इन मरीजों ने रिहैब सेंटर के स्टाफ और सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की।
सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में विवाद तब शुरू हुआ जब उपचाराधीन मरीजों और स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते यह मामला बढ़ गया और कुछ मरीज मारपीट करने लगे। युवकों ने पहले सिक्योरिटी कर्मियों को धक्का देकर पीछे हटाया और फिर मुख्य गेट का ताला तोड़कर बाहर निकल गए। यह पूरी घटना केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
नशा मुक्ति केंद्र में कुल 95 मरीज भर्ती
सूत्रों के मुताबिक, गांव जनेर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में कुल 95 मरीज भर्ती थे। इनमें से करीब 30 युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि बाकी मरीज केंद्र के अंदर ही मौजूद रहे। सिक्योरिटी गार्ड्स ने बताया कि युवकों ने उन पर हमला किया था। हालांकि, घटना के दौरान कुछ मरीजों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, लेकिन बड़ी संख्या में युवक भागने में सफल रहे।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली
थाना कोट इसे खां की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार युवकों की तलाश में आसपास के इलाकों और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


