रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दौरे से ठीक पहले सोमवार रात को बीजेपी नेता व डॉक्टर तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। बाइक पर आए 2 नकाबपोशों ने क्लिनिक की ओर पेट्रोल बम फेंका।
इस हमले में क्लिनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा को आग लग गई। क्लिनिक में मौजूद युवकों ने हल्ला मचाया तो नकाबपोश भाग निकले। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्लिनिक के पास राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का भी बड़ा कार्यालय है। हमले के समय क्लिनिक में मौजूद रहे एक युवक ने बताया है कि भाजपा नेता व डॉ. तरसेम गर्ग के हैनमैन क्लिनिक के सामने सोमवार रात करीब 10 बजे दो नकाबपोश पहुंचे। उनमें से एक व्यक्ति गेट के बाहर खड़ा होकर बोतल में आग लगा रहा था, जबकि दूसरा घटना का वीडियो बना रहा था। इसके बाद हमलावर ने क्लिनिक के गेट के अंदर पेट्रोल बम फेंक दिया। बम स्कूटी पर गिरा, जिससे स्कूटी में आग लग गई। यह देखकर हमने जैसे ही शोर मचाया, हमलावर अपनी बाइक लेकर वहां से भाग गए। इसकी सूचना तुरंत डॉ. तरसेम को फोन पर दी गई। डॉक्टर ने कहा कि पुलिस को फोन कर सूचित करो। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी देर में डॉ. तरसेम गर्ग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस भी आ गई थी।


