रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): 12 जून को किशनपुरा रोड़ पर स्थित बीएमएस फैशन पर फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी नवल उर्फ बिल्ला को पुलिस ने गोली मार दी। बिल्ला को पुलिस ने कुछ दिन पहले ही अन्य साथियों और हथियारों समेत गिरफ्तार किया था।

पूछताछ में सीआईए स्टाफ को पता लगा कि उक्त आरोपी के पास हथियार है जो उसने जंडियाला के सुनसान इलाके में छिपाए हुए है। जैसे ही सीआईए स्टाफ की टीम उक्त हथियार रिकवर करने के लिए बिल्ला को साथ लेकर गई तो मौका देख कर बिल्ला ने उसी पिस्टल से सीआईए स्टाफ पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए बिल्ला की टांग पर गोली मार दी और उसे काबू कर लिया। आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बता दें कि बीएमएस फैशन पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी विदेश बैठे गैंगस्टर डोनी बल ने ली थी। उसने बीएमएस फैशन के मालिक से 50 लाख रुपए की फरौती मांगी थी।


