रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में 8 नगर निगमों समेत 104 निकायों के चुनाव नतीजों में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने विरोधियों को 2027 को ट्रेलर दिखा दिया है। 1977 वार्डों के लिए हुए चुनाव में AAP 800 वार्डों में जीत चुकी है। कांग्रेस हो चाहे अकाली दल या फिर BJP, तीनों पार्टियां की जीत के आंकड़ों को भी जोड़ लें तो ये पार्टियां AAP के आसपास भी नहीं है।
AAP इस जीत से खुश जरूर है लेकिन सत्ता में रहते वह उतनी बड़ी जीत हासिल नहीं कर पाए, जितनी 2021 में सरकार रहते कांग्रेस ने हासिल की थी। कांग्रेस ने तब 1199 वार्ड जीत लिए थे। हालांकि इसमें रोचक बात ये है कि इसके अगले ही साल यानी 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। कांग्रेस 117 में से सिर्फ 18 सीटें जीत पाई और AAP 92 सीटें जीतकर पहली बार सत्ता में आ गई। भाजपा ने इन्हीं निकायों में 2021 में 38 के मुकाबले 133 वार्ड जीत लिए लेकिन अभी पंजाब की सत्ता के मुकाबले में नजर नहीं आ रही। निकाय चुनाव नतीजों में क्या AAP के प्रति एंटी इनकम्बेंसी नहीं दिखी, कांग्रेस 2027 में नंबर टू की लड़ाई की पोजिशन में है, अकाली दल कमबैक करता नजर आया या फिर BJP बंगाल के बाद वाकई पंजाब में सरकार बना सकती है?


