रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में अकाली भाजपा गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई है।
दरअसल शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सुखबीर बादल शुक्रवार सुबह ही दिल्ली पहुंचे थे और पार्लियामेंट हाउस में पीएम मोदी से मिले। दोनों नेताओं की इस मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब 4 महीने का समय बचा है। ऐसे में इस मुलाकात को चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है। इसके साथ ही अकाली दल और BJP के बीच गठबंधन की चर्चा भी तेज हो गई है, माना जा रहा है कि अब गठबंधन फाइनल हो सकता है।
इधर, दोनों नेताओं की मुलाकात के बीच दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने तंज कसते हुए लिखा-
” ना ना करते प्यार तुम्ही से कर बैठे…… तो क्या चन्दा चोर पार्टी और बेअदबी पार्टी का गठबंधन हो रहा है? “
केजरीवाल के तंज पर जवाब देते हुए सुखबीर बादल ने केजरीवाल को पंजाब का सुपर CM कहते हुए सोशल मीडिया (X) पर लिखा- क्या आपको अपनी ये गारंटी याद है? 2022 से पहले AAP ने दावा किया था कि आप पंजाब में फल-फूल रहे ₹20,000 करोड़ के अवैध खनन को तुरंत बंद करवा देंगे और आज NGT के आदेश ने साबित कर दिया है कि आपकी सारी गारंटी गटर में फेंकने लायक हैं। क्योंकि ये सब बकवास हैं और कुछ नहीं!


