रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर के रामबाग इलाके स्थित बांसों वाले बाजार में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। बाजार में बांस, लकड़ी की सीढ़ियां और अन्य सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटें कई फुट ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जालंधर के दोमोरिया पुल के पास भी बुधवार शाम को आग लग गई जिसे बुझाने के प्रयास जारी है।


अमृतसर में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि बाजार में रखा सामान जलने से नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आसपास के इलाकों को सुरक्षित करने का काम किया जा रहा है। सामान जलता देख एक दुकानदार रो पड़ा। बाजार के साथ ही आगे की साइड मौजूद तकरीबन 20 से 25 दुकानें भी आग में जलकर खाक हो गई हैं। वहीं आग की चपेट में मोबाइल टावर भी आ गया है जिसके गिरने का डर बना हुआ है।


