रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में इजाफा हुआ है। 19 किलो वाले सिलेंडर का रेट 1 हजार रुपए तक बढ़ाए गए हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की जालंधर के लाडोवाली रोड स्थित गैस एजेंसी कर्मियों ने बताया कि सुबह ही रेट रिवाइज हुए हैं। 19 किलो का एचपी का रेगुलर कमर्शियल सिलेंडर 2,190 की जगह अब 3,190 रुपए में मिलेगा।
इसी तरह इंडियन ऑयल की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि इंडेन का 19 किलोग्राम वाला सिलेंडर पर 993 रुपए महंगा मिलेगा। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 3071.50 का हो गया है, जो पहले 2078.50 में मिलता था। लुधियाना में रेगुलर कमर्शियल सिलेंडर की 2100 रुपए कीमत थी जो बढ़कर 3092 रुपए हो गई।
चंडीगढ़ में अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3092 रुपए हो जाएगी। पहले 2100 रुपए का था। बता दें कि कमर्शियल सिलेंडर तीन तरह के होते हैं- 19 किलोग्राम रेगुलर, 19 किलोग्राम एक्स्ट्रा तेज, तीसरा 19 किलोग्राम नैनो कट। सभी के रेट में बढ़ोतरी हुई है। गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग बिजनेस पर पड़ेगा। बढ़ती लागत के कारण खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं। चाय, नाश्ता, थाली और शादी-विवाह के खाने का खर्च बढ़ना भी लगभग तय माना जा रहा है।


