रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बुधवार रात एक वॉल्वो बस के ड्राइवर-कंडक्टर समेत कुछ यात्रियों पर थार गाड़ी में सवार पंजाब के युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इसमें चार लोग घायल हुए। इस दौरान युवकों ने हवाई फायरिंग भी की। यह घटना थुरल के पास बैरघट्टा में हुई। बताया जा रहा है कि पंजाब के युवकों न गाड़ी को साइड न मिलने के कारण हमला किया।
हमला करने के बाद जब आरोपी भागने लगे तो मौके पर मौजूद लोगों की मुस्तैदी से पुलिस ने कुछ दूरी पर नाका लगाकार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह वारदात बुधवार रात करीब 8:30 बजे की है। प्राइवेट वॉल्वो बस कांगड़ा के बीड़ से दिल्ली जा रही थी। जब बस बैरघट्टा के संकरे मार्ग (सिंगल लेन) से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही महिंद्रा थार में सवार कुछ युवकों ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण बस ड्राइवर तुरंत रास्ता नहीं दे सका। इसी बात पर थार सवार युवक भड़क गए और उन्होंने बस को ओवरटेक कर आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी, जिससे बस को रोकना पड़ा। आरोपियों की पहचान बलविन्दर सिंह (45) पुत्र सूरी लाल निवासी मकान नंबर 449 ढांगू रोड पठानकोट पंजाब, निशान पाल (46) पुत्र खजान चंद निवासी सागला दसूया जिला होशियारपुर पंजाब और अलीश (21) पुत्र बलदेन राज इंदिरा कॉलोनी नंदपुर टंकी जंक्शन हाउस जिला पठानकोट पंजाब के तौर पर हुई है।


