रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब पुलिस ने सरहद पार से चलाए जा रहे आतंकवाद के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) द्वारा प्रायोजित और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने जालंधर से इस मॉड्यूल के एक मुख्य आतंकी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आतंकी मॉड्यूल विदेशों में बैठे अपने आकाओं (हैंडलर्स) के इशारों पर काम कर रहा था। आरोपी के पास से 1.3 किलोग्राम हाई एक्सप्लोसिव से भरा एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) मिला है। आतंकी की अभी पहचान नहीं हो पाई है। इस आईईडी में लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भी पैक किए गए थे। विस्फोटक की बनावट और मात्रा से यह साफ जाहिर होता है कि आतंकी पंजाब में हमले की साजिश रच रहे थे। इस समय रहते की गई कार्रवाई से राज्य की शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है और दर्जनों निर्दोष लोगों की जानें बच गई हैं।


