रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में आज (31 मार्च) को भी तूफान, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस संबंध में यलो अलर्ट जारी किया है। पहले से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से स्थिति बनी है। गत 24 घंटे में तापमान में 1.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 33 डिग्री फरीदकोट में दर्ज किया गया है।
आज पंजाब के दस जिलों में आंधी और 22 जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), तरनतारन, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर में अलग-अलग स्थानों पर आंधी, बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा राज्य में बारिश को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में छिटपुट स्थानों पर बारिश के आसार हैं।


