रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में आज (2 मई) से लेकर अगले 5 दिन गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान जहां कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ की तरफ से इस संबंधी यलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों पर हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर तापमान पर दिखा है।
तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अब यह सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.9 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज 7 जिलों में आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और रूपनगर शामिल हैं। यहां कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से नीचे
राज्य में सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान कुल 11 जिलों में दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान बठिंडा एयरफोर्स स्टेशन में 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर में 35.8 डिग्री तापमान रहा है। इसमें 0.2 डिग्री की गिरावट आई है।


