रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना में बुधवार को दो कारों की टक्कर हो गई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसा लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर गांव शेखूपुरा के पास हुआ। टक्कर के कारण दोनों गाड़ि
यां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मोगा की ओर से लुधियाना आ रही रिट्ज कार जब गांव शेखूपुरा के पास पहुंची, तो उसका पिछला टायर फट गया। टायर फटने से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इससे कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जा टकरा गई। रिट्ज कार में सवार हरशदीप सिंह और देवकरण सिंह निवासी खोसा रंधीर (लुधियाना) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, स्विफ्ट कार में सवार लालदीन, सराजू, मामूसैन और शानू निवासी ताजपुर रोड, लुधियाना को भी गंभीर चोटें आईं।
स्विफ्ट कार के ड्राइवर गाऊदीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, घायलों में शामिल सराजू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। खासी कलां (लुधियाना) निवासी व्यक्ति का कहना है कि ये सभी मोगा में भोग पर जा रहे थे। रास्ते में एक्सीडेंट हो गया है। मेरे भाई सराजदीन की मौत हो गई। उसकी चार बेटियां व एक बेटा है। हम कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं।


