रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह धारीवाल के पास तेज रफ्तार टूरिस्ट बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी और इसमें ज्यादातर कॉलेज स्टूडेंट सवार थे।
बस पलटते ही पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी कॉलेज स्टूडेंट अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते हैं। पेपर खत्म होने और छुट्टियां शुरू होने के बाद सभी छात्र बेहद खुश थे और बस में सवार होकर अपने घर जम्मू लौट रहे थे।
हादसे के बाद पंजाब सीएम भगवंत मान ने भी दुख जताया। सीएम ने कहा-
” सेखवां पुलिस स्टेशन के पास बस पलटने की खबर बहुत दिल दहला देने वाली है। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में शांति दें। आपकी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है, और मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों का मुफ्त मेडिकल इलाज किया जाएगा।


