रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के चिकचिक चौक के पास मामूली सी बात ने लड़ाई का रूप ले लिया। एक कार और एक्टिवा की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने बीच सड़क पर एक्टिवा को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में बाउंसरों और फतेह गैंग से जुड़े सदस्यों के बीच हिंसक झड़प की खबर है। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस आगजनी और मारपीट से इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी में बाउंसर सवार थे। टक्कर होने के तुरंत बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि गाड़ी सवारों ने एक्टिवा सवार युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। देखते ही देखते अमन और फतेह ग्रुप के सदस्य पहुंच गए। चौक को लड़ाई का मैदान बना डाला गया। यह माहौल देख लोग दहशत में आ गए। दोनों ग्रुप के बीच मारपीट हुई। इस विवाद दौरान एक युवक घायल भी हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तब तक आरोपी मौके से भाग गए थे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हमलावरों की पहचान की जा रही है।


