रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के बस्ती शेख इलाके में स्थित नाखा वाले बाग के पास एक ऑटो से युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक युवक न्यू दशमेश नगर का रहने वाला है जो पिछले 24 घंटे से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ऑटो मालिक ने बताया कि मृतक शराब के सेवन का आदी था। उसने काम के दौरान दो-तीन बार शराब के लिए पैसे भी मांगे थे।मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा काम के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। वह घर का इकलौता चिराग था और शादीशुदा था। उसका एक छोटा बेटा भी है। मृतक की मां ने बताया कि वह अपने पति की दवाई लेने गई थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि नाखा वाले बाग के पास ऑटो में उनके बेटे का शव पड़ा है।
मृतक की बहन के अनुसार, उसके भाई ने अपने जीजा (बहन के पति) से ऑटो किराए पर लिया था। मंगलवार को जब शाम तक ऑटो और भाई घर नहीं पहुंचे, तो परिवार ने काफी तलाश की। पुलिस को भी इस मामले की सूचना दी गई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह अचानक संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ। वहीं, ऑटो मालिक सूरज ने बताया कि मृतक पिछले एक हफ्ते से उसका ऑटो चला रहा था। नियम के मुताबिक वह शाम को ऑटो वापस कर देता था, लेकिन मंगलवार रात 10 बजे तक भी जब वह नहीं लौटा, तो खुद तलाश शुरू की। आज सुबह एक मैकेनिक उस रास्ते से गुजर रहा था, जिसने लावारिस खड़े ऑटो की सूचना दी। जब मौके पर जाकर देखा गया तो युवक का शव अंदर ही पड़ा था।


