रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर देहाती पुलिस के अधीन थाना खलचियां की टीम ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान बिक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के बाबा बकाला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जस्पाल का निवासी बताया जा रहा है।
यह गिरफ्तारी खुफिया इनपुट और सतर्क निगरानी के आधार पर की गई है, जिससे क्षेत्र में संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से पाकिस्तान में बैठे कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था और उनके साथ विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से लगातार बातचीत कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी जैसे कि अमृतसर कैंट क्षेत्र, सेना के टैंकों की गतिविधियां और भारतीय वायुसेना के ठिकानों की तस्वीरें साझा की जा रही थीं। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई संदिग्ध फोटो और चैट रिकॉर्ड भी बरामद किए हैं। आरोप है कि वह इन जानकारियों को पाकिस्तान स्थित व्यक्तियों तक पहुंचा रहा था और इसके बदले उसे हथियारों की ट्रेनिंग दिए जाने की भी बात सामने आई है। उसे AK-47 जैसे हथियारों के उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण दिए जाने की भी बात सामने आई है।


