रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के डेयरी संचालकों ने आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ाते हुए दूध की कीमतों में 5 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। खालसा डेयरी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जामशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह फैसला लिया गया।
इस वृद्धि के पीछे मुख्य कारण चारे की बढ़ती लागत, दुधारू पशुओं की कीमतों में दोगुना उछाल और वैश्विक स्तर पर जारी युद्ध के कारण बढ़ी महंगाई को बताया गया है। नए रेट 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे, जिसके बाद गाय और भैंस का दूध खरीदना अब और महंगा हो जाएगा।
खालसा डेयरी वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान बलविंदर सिंह की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक बुलाई गई। इस बैठक में डेयरी मालिकों ने अपनी समस्याओं को साझा करते हुए कहा कि वर्तमान आर्थिक हालातों में पुराने रेट पर दूध बेचना अब मुमकिन नहीं रह गया है। संचालकों के मुताबिक, पिछले साल आई बाढ़ ने पशुओं के चारे और तूड़ी की उपलब्धता को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिससे बाजार में इनके दाम आसमान छू रहे हैं।


