रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना के जगराओं के सिधवां बेट क्षेत्र में सतलुज दरिया किनारे स्थित मद्देपुर गांव के एक मक्की के खेत से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर थाना सिधवां बेट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान जालंधर जिले के उद्दोवाल गांव निवासी 29 वर्षीय जसविंदर सिंह उर्फ एकम के रूप में हुई है। वह दो मई को घर से निकला था, तबसे वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मृतक के भाई सुखविंदर सिंह ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुखविंदर के बयानों के आधार पर जालंधर की रामूवाल कॉलोनी निवासी जश्नदीप सिंह उर्फ कालू के खिलाफ थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज किया है।
दोस्त के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा
भाई सुखविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि जश्नदीप सिंह उसके भाई जसविंदर का दोस्त था। सुखविंदर के अनुसार, 1 मई 2026 की रात जसविंदर और जश्नदीप उनके घर पर रुके थे। 2 मई की सुबह दोनों घर से निकले, जिसके बाद जसविंदर देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उसके बाद लुधियाना पुलिस ने शव मिलने की जानकारी दी। हालांकि जसविंदर के दोस्त से भी पूछा गया लेकिन वह टालमटोल करने लगा और कुछ नहीं बताया।


