रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के कुक्की ढाब में पीएनबी बैंक में हुई सात लाख रुपए की डकैती मामला जालंधर पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद ट्रेस कर लिया। पुलिस बैंक के कैशियर को गन प्वाइंट पर लेने वाले लुटेरे को उसी के घर से गिरफ्तार कर लिया जो भागने की तैयारी कर रहा था। आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किया वेपन बरामद कर किया है। आरोपी नशा करने के आदि है और नशे की पूर्ति के लिए ही उसने साथी के साथ बैंक लूटने की योजना बनाई।
आरोपी सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरिक सिंह निवासी ग्रीन मॉडल टाउन का रहने वाला है जिससे बैंक में लूटा गया आधा कैश बरामद कर लिया है जबकि बाकी का कैश उसके दूसरे साथी के पास है। वह अभी फरार है। हालांकि उसकी पहचान कर ली गई है लेकिन गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने खुद प्रेस कांफ्रेंस करके इसे जालंधर पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताई। बताया जा रहा है कि लूट के बाद जांच कर रही पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली जिसमें लुटेरों ने कपड़े बदले और अपने चेहरे से नकाब हटा दिया। पुलिस को क्लियर तस्वीर मिली तो पंजाब पुलिस के ऐप में वही तस्वीर डाल कर चेक किया तो पता लगा कि यह व्यक्ति सिमरनजीत सिंह है। दरअसल सिमरनजीत की तस्वीर पुलिस के सॉफ्टवेयर में डालते ही उसके पुराने पर्चे बोल पड़े। इस व्यक्ति खिलाफ बटाला में धोखाधडी और नवा शहर में नशे का केस दर्ज है। पुलिस ने तुरंत हरकत में आकर आरोपी को उसी के घर से दबोच लिया। सीपी ने सीआईए स्टाफ और क्राइम ब्रांच की एक स्पेशल टीम तैयार की थी जबकि एसीपी मॉडल टाउन संजय कुमार चाहल और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया टीमों का नेतृत्व कर रहे थे। सोमवार दिन दिहाड़े एक्टिवा पर आए दो लुटेरे कुक्की ढाब स्थित पीएनबी बैंक में गन प्वाइंट पर कैशियर से सात लाख रूपए लूट कर ले गए थे।


