रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित होने वाले बालाजी की चौकी प्रोग्राम को लेकर बवाल हो गया। बुधवार शाम को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इसकी तैयारियां रुकवा दीं। लोगों के डेकोरेशन, टेंट और लाइट का काम करने से रोका। इसमें प्रसिद्ध गायक कन्हैया मित्तल आने वाले हैं।
इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर भाजपा नेता शीतल अंगुराल और मंदिर कमेटी के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सरकार और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि अपने चहेते नेताओं को खुश करने के लिए यह कार्यक्रम रोका जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि हिंदुओं के कार्यक्रम को रोका जा रहा है। यदि हिंदू इस अन्याय के खिलाफ भी नहीं बोले तो वे हिंदू कहलाने लायक नहीं। मंदिर कमेटी ने भी ऐलान किया कि यदि ग्राउंड में कार्यक्रम की परमिशन नहीं मिली तो सड़क पर ही कीर्तन किया जाएगा। आज सुबह भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने साईं दास स्कूल ग्राउंड के बाहर सड़क पर धरना लगा दिया है। इस बारे में ADCP-1 आकृषि जैन ने कहा कि परमिशन न होने की वजह से बालाजी की चौकी का कार्यक्रम करने से मना किया जा रहा है। विरोध के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कुछ खामियां पूरी होने के बाद प्रोग्राम की अनुमति दे दी गई है।


