रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): केंद्र सरकार ने शुक्रवार को लॉकडाउन को लेकर चल रही अफवाहों के बीच बड़ा बयान दिया।
केंद्र ने कहा कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत तीन मंत्रियों ने लॉकडाउन की खबरों को गलत बताया है। पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने भी कहा- लॉकडाउन से जुड़ी अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। हमारे पास पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार है। करीब दो महीने के लिए ईंधन उपलब्ध है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, देश की सभी रिफाइनरी 100 फीसदी कैपेसिटी से काम कर रही हैं। देश में घरेलू LPG प्रोडक्शन 40% बढ़ा है। पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। वहीं पश्चिम एशिया संकट को लेकर PM नरेंद्र मोदी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग जारी है। इसमें राज्यों की तैयारियों और योजनाओं की समीक्षा की जा रही है। मीटिंग में चुनाव वाले 5 राज्यों को शामिल नहीं किया गया है क्योंकि वहां आचार संहिता लागू है। यहां के मुख्य सचिवों के साथ कैबिनेट सचिवालय के जरिए अलग से बैठक की जाएगी।


