रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के कुछ इलाकों में बीएसएनल की इंटरनेट, मोबाइल और टेलीफोन जैसी सेवाएं ठप हो चुकी है।
दरअसल नागरा रोड पर स्थित BSNL की एक्सचेंज में सोमवार देर रात भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धार लिया जिससे लाखों की कीमत के उपकरण जल गए और इंटरनेट से लेकर टेलीफोन व मोबाइल सेवाएं बंद हो गई। लोगों ने धुआं देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों समेत बीएसएनल के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आग लगने से सुरानुस्सी, मकसूदां, लिधड़ा, विधिपुर और नुस्सी में इंटरनेट सेवाएं, लीज लाइन और टेलीफोन पूरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। फायर ब्रिगेड की टीमों ने काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। देर रात बीएसएनएल की पूरी टीम सेवाएं सुचारु करने के लिए जुट गई है ताकि ग्राहकों को ज्यादा परेशानी न हो। अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, टीम जल्द से जल्द कनेक्टिविटी बहाल करने की कोशिश कर रही है।


