रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में मेरिटन होटल के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के समय कार में युवतियां सवार थीं, जिन पर परिजनों और चश्मदीदों ने नशे में होने का गंभीर आरोप लगाया है। उक्त गाड़ी सेंट्रल टाऊन निवासी लड़की चला रही थी।

वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं कि उन्होंने बिना किसी कड़े मेडिकल टेस्ट या सख्त कार्रवाई के आरोपियों को छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में दोनों युवकों को इलाज के लिए नजदीकी जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान परषोत्तम लाल के रूप में हुई है जो पेशे बिजली मकैनिक है जबकि घायल हुआ मनदीप उर्फ मुकेश हैप्लपर था। मुकेश की हालत खतरे से बाहर है। उधर मृतक के दोस्त कमलेश का आरोप है कि पुलिस आधे घंटे तो मौके पर पहुंचे कार चालक युवती के भाई को समझाती रही कि वह खुद कहे कि हादसे के समय गाड़ी उसकी बहन नहीं बल्कि वह खुद चला रहा था। हालांकि रामामंडी की पुलिस ने क्लियर कर दिया कि गाड़ी लड़की ही चला रही थी। पुलिस ने लड़की का लाइसेंस कब्जे में ले लिया है। कमलेश ने कहा कि अगर पुलिस आधा घंटा बातों में न गंवाती तो तीन बच्चों के पिता प्रश्नोत्तम को बचाया जा सकता था।


